अगर आपकी किस्मत आपके साथ हो तो आपको फर्श से अर्श तक पहुंचने में समय नहीं लगता लेकिन ऐसी किस्मत भी कुछ लोगो को ही नसीब होती है। इसका जीता जागता उदाहरण है तंजानिया का एक मजदूर जिसका नाम है सैनिनियू लेजर। इस मजदूर को एक खदान में काम करते वक्त इस शख्स को दो रत्न मिले। जब इसने इन्हें सरकार के हवाले किया तो उसे बदले में 7.74 बिलियन तंजानिया शिलिंग, यानि 25 करोड़ 36 लाख रुपये दिए गए।
दोनों रत्न गहरे बैंगनी और नीले रंग के हैं। इनमें से एक का वजन 9.27 किलोग्राम और दूसरे का 5.103 किलोग्राम है। तंजानिया के राष्ट्रपति ने इन रत्नों को राजधानी के संग्रहालय में रखने का आदेश दिया है। यह कीमती रत्न तंजानिया के रहने वाले सैनिनियू लेजर को देश के उत्तर में स्थित एक खदान में मिले। उसे ये रत्न पिछले हफ्ते ही मिल गए थे, हालांकि इनकी कीमत और खासियत का पता तब चला जब वो इन रत्नों को बेचने के लिए सरकारी एजेंसी के पास पहुंचा। जानकारी के मुताबिक तंजानाइट रत्न सिर्फ पूर्वी अफ्रीका के उत्तरी क्षेत्र में ही पाए जाते हैं।
इन दो बेशकीमती रत्नों को तंजानिया के एक बैंक ने खरीदा है। सैनिनियू लेजर को जब यह ईनाम की राशि दी गई तो इसका लाइव प्रसारण भी किया गया। इस मौके पर उन्हें राष्ट्रपति जॉन मगुफुली ने फोन करके बधाई भी दी।
सैनिनियू का मुख्य व्यवसाय पशुपालन है। खबरों के मुताबिक ये शख्स अपने पैसों से एक स्कूल और एक शॉपिंग मॉल खोलना चाहता है। खुद कभी स्कूल न जाने की वजह से वो चाहता है कि उसके बच्चे और आसपास के दूसरे गरीबों के बच्चे इस स्कूल में अपनी शिक्षा लें।
Comments
Post a Comment