भारत नेपाल तनाव का असर अब सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों पर पड़ने लगा है। बिहार के किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड के फतेहपुर स्थित भारत-नेपाल सीमा पर शनिवार रात नेपाल पुलिस ने तीन भारतीय नागरिकों पर गोलियां बरसाईं जिसमे जितेन्द्र कुमार सिंह नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जितेन्द्र कुमार सिंह को इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया है जहां उसकी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार जितेंद्र कुमार सिंह अपने दो साथी अंकित कुमार सिंह व गुलशन कुमार सिंह के साथ अपने पालतू पशु ढूंढने भारत-नेपाल सीमा के समीप खेत की तरफ गये थे। वहा पर तैनात नेपाल पुलिस के जवानो ने इन तीनो युवको पर अचानक फायरिंग करना शुरू कर दिया जिसमें जितेंद्र कुमार सिंह को गोली लग गई है। घायल जितेंदर को उसके साथी और कुछ अन्य ग्रामीण घटनास्थल से उठाकर उनके घर लेकर आये। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और 12 वीं बटालियन के एसएसबी फतेहपुर को दी गई। इस घटना की वजह से रविवार सुबह से ही भारत-नेपाल सीमा पर तनाव का माहौल बना हुआ है।
एसएसबी 12 वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट बिरेन्द्र चौधरी ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि नेपाल पुलिस की फायरिंग में जितेंद्र कुमार सिंह नामक युवक के कंधे पर एक गोली लगी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी जांच चल रही है किशनगंज के एसपी कुमार आशीष ने कहा कि इस मामले में घटनास्थल नेपाल है। फिलहाल घटना को लेकर जांच की जा रही है।
Comments
Post a Comment